Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के दौरान उनके दाहिने पैर में मोच आ गई थी.
चिकित्सकों की सलाह के अनुसार वह सावधानी बरतते हुए अपने जरूरी काम कर रही थीं. हालांकि, अब पैर में प्लास्टर लगने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है.
कुछ दिनों तक प्रत्यक्ष रूप से नहीं मिल पाएंगी
पूर्णिमा साहू ने कहा कि चिकित्सकीय सलाह के कारण वह आगामी कुछ दिनों तक राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो पाएंगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के बीच रहना, उनकी समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए काम करना उनके लिए हमेशा ऊर्जा का स्रोत रहा है.
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों तक लोगों से प्रत्यक्ष रूप से दूर रहना उनके लिए भी पीड़ादायक रहेगा.
विधायक प्रतिनिधि और कार्यालय प्रभारी संभालेंगे जिम्मेदारी
विधायक ने बताया कि उनकी गैरमौजूदगी में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव और एग्रिको स्थित विधायक कार्यालय के प्रभारी मनोज चौधरी उपलब्ध रहेंगे.
उन्होंने लोगों से कहा कि उनकी मौजूदगी भले ही कुछ दिनों के लिए सीमित रहेगी, लेकिन क्षेत्र की समस्याओं और जनहित से जुड़े कार्यों पर उनकी नजर बनी रहेगी.
विकास कार्यों पर भी रहेगी नजर
पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी वह लगातार लेती रहेंगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पैर में आई चोट के कारण उनकी शारीरिक गतिविधियां कुछ दिनों के लिए प्रभावित हुई हैं, लेकिन जनता से जुड़े कामों के प्रति उनकी चिंता और प्रयास जारी रहेंगे.
उन्होंने जमशेदपुर पूर्व के लोगों के प्रति अपना आभार जताते हुए कहा कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से लोगों के बीच सक्रिय रूप से मौजूद रहेंगी.