Seraikela: सरायकेला पुलिस ने चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को चोरी की घटना सामने आई थी. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई. टीम को लहरी टोला और कालूराम चौक के पास एक संदिग्ध के बारे में सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान साजिद खान उर्फ मुन्ना खान (40) को गिरफ्तार कर लिया गया.
घर और दूसरे ठिकाने से मिला चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपी के घर के अलावा राजाबाड़ी स्थित उसके दूसरे ठिकाने पर भी तलाशी ली. तलाशी के दौरान 157 पैकेट महंगी सिगरेट, 7 बोतल तेल और 18,600 रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा 736 रुपये के सिक्के, चांदी जैसे दिखने वाले 8 सिक्के और ताला तोड़ने के औजार भी पुलिस को मिले.
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी से जुड़ा मामला दर्ज हो चुका है. वर्ष 2018 में सरायकेला थाना क्षेत्र में चोरी के प्रयास का मामला उसके खिलाफ दर्ज हुआ था. पुलिस के अनुसार, आरोपी दुकानों को निशाना बनाता था.
आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने बरामद सभी सामान जब्त कर लिया है. कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी विनय कुमार, सौरभ आहूजा, अरुण कुमार महतो, ऋषि कुमार, राकेश कुमार और अनिल कुमार दास समेत टाइगर मोबाइल के जवान शामिल रहे.