Seraikela: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त सह रोल ऑब्जर्वर रविरंजन कुमार विक्रम ने की. बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, दावा-आपत्ति और हियरिंग की प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई.
15 सितंबर तक दर्ज कर सकते हैं दावा-आपत्ति
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को हो चुका है. मतदाता 15 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. इसके बाद 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. अधिकारियों ने बैठक में घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्र और ASDDF सूची के सत्यापन की प्रगति की जानकारी भी दी.
राजनीतिक दलों ने रखी अपनी बातें
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR-2026 से जुड़ी अपनी शंकाएं और समस्याएं सामने रखीं. अधिकारियों ने उनके सवालों का जवाब देते हुए प्रक्रिया की जानकारी दी. प्रमंडलीय आयुक्त ने BLO और BLA-2 के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी दावा-आपत्तियों की जांच नियमों के अनुसार होनी चाहिए. पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है.
चम्पाई सोरेन ने शहरी क्षेत्रों में सावधानी पर दिया जोर
सरायकेला विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने शहरी क्षेत्रों में सत्यापन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की बात कही. उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए. वहीं, अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए.
प्रखंड कार्यालय में हियरिंग कार्य का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने सरायकेला प्रखंड कार्यालय का दौरा किया. उन्होंने वहां चल रही दावा-आपत्ति की हियरिंग और जनसुनवाई की प्रक्रिया देखी. इस दौरान BLO और ERO से प्राप्त आवेदनों के सत्यापन की जानकारी ली. आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले में दस्तावेजों की सही तरीके से जांच की जाए. सभी मामलों का तय समय-सीमा के भीतर निपटारा करने को भी कहा. प्रशासन ने जिले के मतदाताओं से अपील की है कि सत्यापन से जुड़ी सूचना मिलने पर समय रहते प्रक्रिया पूरी करें. मतदाता 15 सितंबर से पहले संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.