Palamu: राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मंगलवार को नावाबाजार प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे. करीब 12:30 बजे कार्यालय पहुंचने पर मुख्य गेट पर ताला लगा मिला. कार्यालय के अंदर कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था. यह देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और तुरंत पलामू उपायुक्त को फोन कर पूरी जानकारी दी.
अधिकारियों की पहल के बाद खुला कार्यालय
मंत्री के निर्देश के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यालय का ताला खुलवाया. इसके बाद मंत्री ने कार्यालय की स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी भी कार्यालय में मौजूद नहीं थे. ऐसे में मंत्री ने अंचल से जुड़े कामकाज की जानकारी अंचल निरीक्षक (CI) से ली.
SIR के काम में कर्मचारियों की ड्यूटी का दिया हवाला
अंचल निरीक्षक ने मंत्री को बताया कि इन दिनों विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम चल रहा है. इसमें प्रखंड और अंचल के पदाधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. उन्होंने बताया कि इसी वजह से कार्यालय में नियमित उपस्थिति प्रभावित हुई है. इस जवाब पर मंत्री ने असंतोष जताया. उन्होंने कहा कि सरकारी कामकाज के साथ आम लोगों के लिए कार्यालय की व्यवस्था भी सुचारू रहनी चाहिए.
ग्रामीणों को नहीं होनी चाहिए परेशानी
वित्त मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यालय की दूसरी व्यवस्थाओं और अंचल से जुड़े कामकाज की भी जानकारी ली.