Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-31

Bahragora Mystery Parachute: बहरागोड़ा के खेत में अचानक गिरा पैराशूट व उपकरण; जांच में निकला विद्यासागर यूनिवर्सिटी का वैज्ञानिक डिवाइस

Bahragora Mystery Parachute: पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में सोमवार को उस वक्त ग्रामीण हैरान रह गए, जब अचानक आसमान से एक पैराशूट खेत में आ गिरा. पैराशूट के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जुड़ा था. अनजान वस्तु को इस तरह गिरते देख गांव में कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई. मामले की जानकारी मिलते ही बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआत में पुलिस भी इस बात को लेकर असमंजस में थी कि पैराशूट और उपकरण कहां से आया.

पाथरा गांव में खेत में गिरा पैराशूट
घटना बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरा पंचायत के पाथरा गांव की है. ग्रामीणों ने आसमान से पैराशूट के सहारे एक वस्तु को नीचे आते देखा. कुछ ही देर बाद यह खेत में जा गिरा. इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और पूरे इलाके में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैराशूट और उसके साथ लगे उपकरण को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू की.

मेदिनीपुर विश्वविद्यालय से छोड़ा गया था उपकरण
जांच के दौरान पता चला कि यह कोई संदिग्ध या सुरक्षा से जुड़ा उपकरण नहीं था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसे पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय से वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए छोड़ा गया था. उपकरण पर एक संपर्क नंबर दर्ज था. उसी नंबर के जरिए पुलिस ने विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया.

तकनीकी खराबी के कारण गिरने की बात
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि अनुसंधान के लिए छोड़े गए पैराशूट सिस्टम में तकनीकी समस्या आ गई थी. इसी वजह से उपकरण निर्धारित स्थान तक पहुंचने के बजाय बहरागोड़ा के पाथरा गांव में गिर गया. अधिकारियों ने पुलिस से उपकरण को सुरक्षित रखने और आम लोगों से दूर रखने का आग्रह किया है.

विश्वविद्यालय की ओर से पुलिस को बताया गया है कि वैज्ञानिकों की टीम अगले दो-तीन दिनों में बरसोल पहुंच सकती है. टीम आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उपकरण को अपने साथ ले जाएगी.

फिलहाल बरसोल पुलिस ने पैराशूट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को सुरक्षित रखा है. कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे विश्वविद्यालय के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !