Jharkhand Health News: झारखंड के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग डिजिटल सेवाओं को तेजी से लागू करने की तैयारी में है. सोमवार को अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने विभाग की डिजिटल व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन, ICU, HMIS, CCTV, डैशबोर्ड और HRIS समेत कई व्यवस्थाओं की प्रगति पर चर्चा हुई. C-DAC के HMS सिस्टम को भी अपडेट करने का निर्देश दिया गया. अपर मुख्य सचिव ने रिम्स जाकर वहां की डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने की बात कही.
अस्पताल में लाइन से मिलेगी राहत
मरीजों को अस्पताल में लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा शुरू की जाएगी. अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया है. इससे मरीज घर से ही अपॉइंटमेंट ले सकेंगे और अस्पताल पहुंचने के बाद भुगतान की प्रक्रिया भी आसान हो सकेगी.
188 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचा Wi-Fi
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी बैठक में जोर दिया गया. BSNL को मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, CHC और PHC में Wi-Fi सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. PHC में इंटरनेट की स्पीड 2 Mbps से बढ़ाकर 20 Mbps करने का लक्ष्य रखा गया है. BSNL के मुताबिक, राज्य के 188 CHC में Wi-Fi की सुविधा शुरू हो चुकी है. रामगढ़ के सभी PHC में 7 सितंबर तक 20 Mbps इंटरनेट शुरू करने का लक्ष्य है. जहां बिजली की समस्या है, वहां 48 घंटे तक बैकअप की व्यवस्था करने की तैयारी है.
ग्रामीण इलाकों में दिल से जुड़ी बीमारी की तुरंत पहचान के लिए AI आधारित टेली-ECG मशीन लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है. बैठक में मशीन का प्रदर्शन किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, इसके जरिए ECG रिपोर्ट कम समय में मिल सकेगी. रिपोर्ट मोबाइल फोन पर भी देखी जा सकेगी. इससे गंभीर मरीजों के इलाज में शुरुआती स्तर पर तेजी लाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
संविदाकर्मियों की उपस्थिति से जुड़ेगा मानदेय
बैठक में HRIS व्यवस्था की भी समीक्षा हुई. 104 पोर्टल के जरिए चल रहे HRIS के अलग-अलग मॉड्यूल और आगे की योजना पर अधिकारियों ने जानकारी दी. अपर मुख्य सचिव ने NHM के संविदाकर्मियों के मानदेय भुगतान को HRIS में दर्ज और सत्यापित मासिक उपस्थिति से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया.
बैठक में NHM अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव के अलावा C-DAC, BSNL, भारतीय स्टेट बैंक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे.