Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-31

Jharkhand CID Branch: डुमरी विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग के समर्थन में उतरी झारखंड पुलिस एसोसिएशन की CID शाखा

Jharkhand CID Branch: धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज और धमकी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को झारखंड पुलिस एसोसिएशन की सीआईडी शाखा ने अपना समर्थन दिया है. एसोसिएशन ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी. संगठन ने कहा कि पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ अमर्यादित व्यवहार को किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता.

झारखंड पुलिस एसोसिएशन की अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) शाखा के अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की घटना हुई थी. इस दौरान डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है. एसोसिएशन ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है. संगठन का कहना है कि जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन दोनों की अपनी-अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां हैं. ऐसे में किसी पुलिस अधिकारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार का मामला गंभीर है.

सोशल मीडिया वीडियो को लेकर भी जताई आपत्ति
पुलिस एसोसिएशन ने सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए सामने आ रहे कुछ वीडियो को लेकर भी सवाल उठाए. सीआईडी शाखा के अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह का आरोप है कि विधायक की ओर से पुलिसकर्मियों को लेकर अमर्यादित भाषा वाले वीडियो सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से जारी किए जा रहे हैं. एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की भाषा का असर पुलिसकर्मियों के सम्मान और उनके मनोबल पर पड़ सकता है. संगठन ने कहा कि किसी भी मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन विरोध दर्ज कराने का तरीका मर्यादित होना चाहिए.

गिरफ्तारी की मांग का समर्थन
पुलिस एसोसिएशन की सीआईडी शाखा ने जयराम कुमार महतो और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग का समर्थन किया है. एसोसिएशन का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत या आरोप है, तो कानून के तहत जांच और कार्रवाई होनी चाहिए. संगठन ने यह भी कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधियों से पुलिस और प्रशासन के साथ जिम्मेदार एवं मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा रहती है.

इस दौरान उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सचिव मनोज कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष हरेंद्र नाथ कांड और संयुक्त सचिव संतोष कुमार मिश्रा ने भी संगठन की ओर से अपना पक्ष रखा.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !