Ranchi: रक्षाबंधन पर परिवार के साथ बाहर जाना एक पूर्व नौसैनिक को महंगा पड़ गया. घर बंद छोड़कर परिवार पलामू गया था. इसी दौरान चोरों ने रातू थाना क्षेत्र के शिव नगर डंडई हेहल स्थित उनके घर को निशाना बना लिया. चोरों ने पहले घर का ताला तोड़ा. इसके बाद अंदर घुसकर अलमारी खंगाली. अलमारी में रखे करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
पड़ोसी के फोन से मिली चोरी की जानकारी
पूर्व नौसैनिक रतन मणि संजीव ने मामले की शिकायत रातू थाने में की है. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह 27 अगस्त को परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने पलामू गए थे. 29 अगस्त की सुबह पड़ोसी ने उन्हें फोन किया. पड़ोसी ने बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है. इसके बाद रतन मणि संजीव रात करीब 10 बजे अपने घर पहुंचे. घर का दरवाजा टूटा था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था. अलमारी की जांच करने पर चोरी का पता चला.
बालियां, अंगूठियां और पायल भी ले गए
चोरों ने अलमारी से तीन जोड़ी सोने की बालियां, चार जोड़ी सोने की अंगूठियां और चार जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ली. इसके अलावा अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद भी गायब मिले. चोरी हुए जेवरों और नकदी की कुल कीमत करीब 8.50 लाख रुपये बताई गई है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत मिलने के बाद रातू पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अब मामले की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. इससे घर में चोरी करने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.