Bokaro News: धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ डुमरी विधायक जयराम महतो के कथित अमर्यादित व्यवहार का विवाद बढ़ता जा रहा है. अब बोकारो पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन भी इस मामले में सामने आ गए हैं.
गिरफ्तारी की उठी मांग
बोकारो पुलिस एसोसिएशन कार्यालय में प्रेस वार्ता कर संगठन के नेताओं ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. एसोसिएशन नेता बाल्मीकि पाठक ने कहा कि विधायक एक संवैधानिक पद पर हैं. ऐसे में उन्हें पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने पुलिस अधिकारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया. पुलिस एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद पत्रकारों के साथ भी उचित व्यवहार नहीं किया गया.
“माफी मांगें जयराम महतो”
एसोसिएशन नेताओं ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई के साथ विधायक की गिरफ्तारी की मांग की.
नेताओं ने कहा कि संगठन चाहता है कि जयराम महतो इस मामले में माफी मांगें. उन्होंने भगवान कृष्ण और अर्जुन के संवाद का उदाहरण देते हुए कहा कि माफी मांगना और माफ करना दोनों ही महान गुण हैं. एसोसिएशन ने संकेत दिया कि आगे की रणनीति केंद्रीय नेतृत्व के फैसले के बाद तय की जाएगी. फिलहाल जयराम महतो और पुलिस एसोसिएशन के बीच यह विवाद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है.