East Singhbhum Police: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने भाकपा (माओवादी) से जुड़े छह वांछित नक्सलियों की जानकारी सार्वजनिक की है. पुलिस ने इन सभी के नाम, फोटो और उन पर घोषित इनाम की राशि वाले पोस्टर जारी किए हैं.
ग्रामीण इलाकों में पुलिस की ओर से इन पोस्टरों को सार्वजनिक जगहों पर लगाया जा रहा है. चौक-चौराहों, बाजारों और दूसरे प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाकर लोगों से इन नक्सलियों के बारे में जानकारी देने की अपील की जा रही है.
असीम मंडल पर सबसे ज्यादा इनाम
पुलिस की सूची में असीम मंडल उर्फ आकाश पर सबसे अधिक 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित है. पुलिस के अनुसार, उसे तिमिर और मनोज नाम से भी जाना जाता है.
इसके अलावा राम प्रसाद मार्डी उर्फ महाराज पर 15 लाख रुपये का इनाम है. वह सचिन नाम से भी जाना जाता है.
मीता उर्फ नयनतारा पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है. पुलिस के रिकॉर्ड में उसके घुमो और पोरी नाम से भी पहचान रखने की जानकारी है.
मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो पर 5 लाख रुपये का इनाम है. उसे पांडेय और मंगल दा नाम से भी जाना जाता है.
मालती मुर्मू उर्फ मालती पर 2 लाख रुपये और बुलु महतो उर्फ गीती पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है.
सीमा से लगे इलाकों में छिपे होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, सूची में शामिल सभी नक्सलियों के झारखंड और पश्चिम बंगाल से सटे इलाकों में छिपे होने की आशंका है.
पुलिस का कहना है कि ये लोग अलग-अलग नक्सली घटनाओं में वांछित हैं. इनकी तलाश में सुरक्षा अभियान जारी है.
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने ग्रामीणों और आम लोगों से इन वांछित नक्सलियों के बारे में जानकारी देने की अपील की है.
पुलिस के मुताबिक, किसी व्यक्ति को अगर इनमें से किसी के बारे में जानकारी मिलती है तो वह सीधे पुलिस को सूचना दे सकता है. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई है.
पुलिस ने यह भी बताया है कि सूचना के आधार पर नियमानुसार पुरस्कार दिया जाएगा.
पुलिस अधिकारियों के नंबर भी जारी
लोगों की सुविधा के लिए पोस्टर में पुलिस अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारियों के संपर्क नंबर भी दिए गए हैं.
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर: 9431706480
पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण: 9470199228
डीएसपी, घाटशिला: 9431706485
डीएसपी, पटमदा: 9431706496
मुसाबनी थाना: 9431706499
घाटशिला थाना: 9431706517
नक्सल विरोधी अभियान जारी
पुलिस ने कहा है कि पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी संदिग्ध गतिविधि या वांछित नक्सली की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर खुद कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें.