Adityapur Flood Alert: लगातार बारिश के बीच आदित्यपुर इलाके में बाढ़ का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है. हालांकि, राहत की बात यह है कि अलग-अलग जलाशयों और नदियों में पानी का स्तर फिलहाल नीचे की ओर जा रहा है. एसएमपी ईचा गालूडीह कॉम्प्लेक्स के मुख्य अभियंता कार्यालय के बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने सुबह 8 बजे दैनिक बाढ़ रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट के मुताबिक आदित्यपुर ब्रिज के पास खरकई नदी का जलस्तर 129.21 मीटर दर्ज किया गया है. यहां नदी का खतरे का निशान 129 मीटर है. यानी खरकई नदी फिलहाल खतरे के निशान से 0.21 मीटर ऊपर बह रही है.
जलस्तर में गिरावट से मिली थोड़ी राहत
बाढ़ की स्थिति के बीच सबसे राहत वाली बात यह है कि रिपोर्ट में सभी प्रमुख स्थानों पर पानी का स्तर गिरता हुआ दर्ज किया गया है. इससे फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है. हालांकि, अगर इलाके में फिर से तेज बारिश होती है, तो नदी का जलस्तर दोबारा बढ़ सकता है. ऐसे में आदित्यपुर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है.
बैंकवेल डैम से 43.23 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा
बैंकवेल डैम का जलस्तर 303.22 मीटर दर्ज किया गया है. यहां पानी की निकासी के लिए दो गेट खोले गए हैं. इन गेटों से करीब 43.23 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. डैम क्षेत्र में 19 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है.
खरकई डैम के भी दो गेट खुले
खरकई डैम का मौजूदा जलस्तर 311.53 मीटर बताया गया है. यहां से 106.78 क्यूसेक पानी बाहर निकाला जा रहा है. पानी की निकासी के लिए डैम के दो गेट खोले गए हैं. खरकई डैम क्षेत्र में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है.
गंजिया बैराज से सबसे ज्यादा पानी का डिस्चार्ज
गंजिया बैराज में पानी का स्तर 134.50 मीटर दर्ज किया गया है. यहां से सबसे अधिक 1013.09 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. पानी की निकासी के लिए बैराज के आठों गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं.
निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह
नदियों और जलाशयों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को नदी के आसपास जाने से बचने और जलस्तर पर नजर रखने की सलाह दी गई है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
फिलहाल आदित्यपुर क्षेत्र में हालात नियंत्रण में हैं. लेकिन बारिश का दौर जारी रहने पर कई निचले इलाकों में पानी बढ़ने की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.