Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-29

Ranchi News: औघड़ बाबा आश्रम के पास शव बरामदगी मामले का खुलासा, हत्या-लूट और चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार

Ranchi News:  कोतवाली थाना क्षेत्र के औघड़ बाबा आश्रम के पास झाड़ी से मिले उपेंद्र कुमार मिश्रा के शव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक ही रात हुई हत्या, लूट और चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विद्या नगर निवासी सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और सुखदेव निवासी राकेश कुमार यादव के रूप में हुई है।


26 अगस्त को औघड़ बाबा आश्रम के समीप झाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। जांच के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर मृतक की पहचान 32 वर्षीय उपेंद्र कुमार मिश्रा, निवासी कुम्हार टोली, सुखदेवनगर के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना में हत्या के साथ मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट का मामला दर्ज किया गया।

एक रात में सामने आईं तीन आपराधिक घटनाएं

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को उसी रात अरगोड़ा थाना क्षेत्र में हुई दो अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी मिली। इनमें सहजानंद चौक के पास एक ट्रक चालक पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटने और बसंत बिहार रोड नंबर-5 स्थित निर्माणाधीन भवन में घुसकर मोबाइल चोरी करने की वारदात शामिल थी।


पुलिस ने तीनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP और सिटी SP के निर्देशन में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तारी

SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, लूट और चोरी किए गए चार मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े और चप्पल बरामद किए गए हैं।

दोनों आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी चोरी, लूट और अवैध मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है।

वहीं, दूसरे आरोपी राकेश कुमार यादव के खिलाफ भी पूर्व में चोरी का मामला दर्ज हो चुका है और वह इस मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब तीनों घटनाओं में दोनों आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !