Chatra News: सदर थाना क्षेत्र के नगवां मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और जमीन से जुड़े दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना 28 अगस्त की रात की बताई जा रही है। मकान मालिक के अनुसार चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है, जबकि चोर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी ले गए।
मामले को लेकर सीआरपीएफ जवान सुनील कुमार सिंह ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से घटना की जांच कर आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
परिवार के बाहर जाने के बाद हुई चोरी
शिकायत के अनुसार, सुनील कुमार सिंह 28 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर हंटरगंज गए थे। मकान में एक किरायेदार भी रहता था, लेकिन वह भी किसी काम से बाहर गया हुआ था। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश किया।
इसके बाद चोरों ने घर के अलग-अलग कमरों और अलमारी की तलाशी ली। आरोप है कि उन्होंने सोने-चांदी के हार, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठियां और चेन समेत करीब 23 प्रकार के आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा डेढ़ लाख रुपये नकद और जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोर अपने साथ ले गए।
पड़ोसी ने फोन कर दी जानकारी
29 अगस्त की सुबह करीब छह बजे पड़ोसी ने सुनील कुमार सिंह को फोन कर मकान का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद वह करीब आठ बजे घर पहुंचे। मकान का मुख्य दरवाजा खुला था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर जेवरात, नकदी और जमीन से जुड़े दस्तावेज गायब मिले। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सुनील कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में चोरी की वारदात में किसी परिचित के शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में जानकारी जुटाने के साथ घटना से जुड़े संभावित सुरागों की पड़ताल कर रही है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।