Dhanbad Railway News: धनबाद और आसपास के लोगों के लिए भारतीय रेलवे एक बड़ी खुशखबरी लेकर आया है. धनबाद से कोयंबटूर के बीच जल्द ही एक नई "अमृत भारत एक्सप्रेस" पटरी पर दौड़ने वाली है. रेलवे बोर्ड ने धनबाद रेल मंडल के इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है. यह पूरी ट्रेन नॉन-एसी होगी, जिसे कम बजट में सफर करने वाले आम यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है.
यह ट्रेन हफ्ते में एक-एक दिन दोनों दिशाओं से चलेगी. गौरतलब है कि इसी साल रेलवे ने कतरास-रांची के रास्ते पोत्तनूर (कोयंबटूर) के लिए एक अमृत भारत ट्रेन शुरू की थी, और अब चंद महीनों के भीतर ही धनबाद-गया रूट पर दूसरी नई ट्रेन का तोहफा दे दिया है.
समय और दिन नोट कर लीजिए
- ट्रेन नंबर 22363 (धनबाद से कोयंबटूर): यह ट्रेन हर शनिवार को शाम 4:10 बजे धनबाद से रवाना होगी और सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी.
- ट्रेन नंबर 22364 (कोयंबटूर से धनबाद): वापसी में यह ट्रेन हर मंगलवार सुबह 7:50 बजे कोयंबटूर से खुलेगी और गुरुवार दोपहर 1:00 बजे धनबाद पहुंचेगी.
मरीजों और प्रवासी मजदूरों की राह होगी आसान
इस नई ट्रेन के शुरू होने से सबसे बड़ी राहत उन मरीजों को मिलेगी जो इलाज के लिए दक्षिण भारत जाते हैं. इसके काटपाड़ी रुकने से चर्चित "एलेप्पी एक्सप्रेस" में होने वाली भारी भीड़ और नो-रूम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी. इसके साथ ही धनबाद, पूरे कोयलांचल क्षेत्र और संथाल परगना से दक्षिण भारत जाने वाले प्रवासी मजदूरों को भी आवाजाही में बहुत सहूलियत मिलेगी. रेलवे बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द इस ट्रेन का परिचालन शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं.
किन-किन मुख्य स्टेशनों से होकर गुजरेगी यह ट्रेन?
यह ट्रेन लंबे रूट को कवर करते हुए कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी. धनबाद से खुलकर यह गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU), प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, रेनिगुंटा, काटपाड़ी, सलेम और ईरोड होते हुए कोयंबटूर पहुंचेगी.
सांसद दुलू महतो ने केंद्र सरकार का जताया आभार
धनबाद के सांसद दुलू महतो ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर धनबाद से दक्षिण भारत के लिए नई ट्रेन की मांग की थी. इस मांग को पूरा करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का दिल से धन्यवाद किया है.
टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस को कतरास और चंद्रपुरा में मिला नया स्टॉपेज
सावन के महीने में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ट्रेन नंबर 18185 टाटानगर-गोड्डा एक्सप्रेस का चंद्रपुरा और कतरासगढ़ स्टेशन पर अस्थाई ठहराव (स्टॉपेज) दिया है. 17 से 28 अगस्त के बीच यह ट्रेन शाम 6:03 बजे चंद्रपुरा और शाम 6:36 बजे कतरासगढ़ पहुंचेगी, जहां यह दो-दो मिनट के लिए रुकेगी. हालांकि, वापसी के सफर (गोड्डा-टाटानगर) में यह इन स्टेशनों पर नहीं रुकेगी.