CID Investigation JSSC CGL: झारखंड में JSSC CGL परीक्षा में गड़बड़ी का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. पेपर लीक और फर्जीवाड़े की जांच कर रही CID ने गिरफ्तार चार अभ्यर्थियों को आज जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी परीक्षा में सफल घोषित हुए थे. जांच में उनकी भूमिका संदिग्ध मिलने के बाद CID ने शुक्रवार देर शाम कार्रवाई की.
चारों आरोपी कोर्ट में पेश, जेल भेजे गए
CID ने शनिवार को चारों आरोपियों को अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में पेश किया. अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इसके बाद चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया.
सफल अभ्यर्थियों पर ही क्यों हुई कार्रवाई?
CID के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार साव, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह और उमेश कुमार राय के रूप में हुई है. चारों JSSC CGL परीक्षा के अभ्यर्थी थे. परीक्षा के नतीजे में चारों सफल भी हुए थे. जांच के दौरान इनके चयन से जुड़ी प्रक्रिया में गड़बड़ी के संकेत मिले. इसके बाद CID ने इनसे पूछताछ की और शुक्रवार को इन्हें गिरफ्तार कर लिया.
CID अब पूरे नेटवर्क की तलाश में
चार गिरफ्तारियों के बाद जांच एजेंसी का फोकस अब पूरे नेटवर्क पर है. CID यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में गड़बड़ी का फायदा सिर्फ इन चार अभ्यर्थियों को मिला था या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा था. जांच टीम आरोपियों के संपर्क में रहे लोगों और पेपर लीक से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है.
आगे और गिरफ्तारी संभव
CID की जांच अभी जारी है. एजेंसी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. जांच में अगर अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है, तो आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.