Jamshedpur: हाता के बिरसा चौक पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार सुजुकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई. कुछ ही सेकेंड में कार सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों तक पहुंच गई. कार ने पार्किंग में खड़ी दो हीरो बाइक, एक पल्सर और दो स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी पांच वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
चाईबासा की ओर जा रही थी कार
बताया जा रहा हैं कि कार चाईबासा की तरफ जा रही थी. घटना करीब शाम 5 बजे की है. कार का नंबर JH 01 DL/1111 है. चश्मदीदों के अनुसार, इसे हेंसड़ा स्थित एक प्लांट के कर्मचारी टिशू मिश्रा चला रहे थे. कार के दोपहिया वाहनों से टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. कुछ ही देर में बिरसा चौक पर लोगों की भीड़ लग गई.
चालक को लोगों ने मौके पर पकड़ा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार और चालक को वहीं रोक लिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया. लोगों का कहना था कि नशे की वजह से कार चालक अपना नियंत्रण खो बैठा. पांच वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से लोग नाराज हो गए. नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर मौके पर हंगामा भी हुआ. कुछ देर तक वहां तनाव का माहौल बना रहा.
पुलिस ने संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस बिरसा चौक पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और मौके से भीड़ हटाई. इसके बाद कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. चालक को भी हिरासत में लेकर जांच शुरू की गई.
पुलिस के मुताबिक, चालक के शराब के नशे में होने के आरोप की जांच के लिए उसकी डॉक्टरी जांच कराई जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हादसे में किसी पैदल राहगीर या वाहन चालक के चपेट में नहीं आने से बड़ी दुर्घटना टल गई.