Dhanbad News: तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे, जहां एक बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने की कोशिश में दो अन्य बच्चे भी गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते तीनों डूब गए।

मृतकों की पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में हुई है। इनमें दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे अक्सर पास के तालाब में नहाने जाते थे। शुक्रवार को भी वे नहाने के लिए तालाब पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान यह हादसा हो गया।
एक बच्चे को डूबता देख बचाने पहुंचे थे बाकी दोनों
परिजनों के अनुसार, नहाने के दौरान एक बच्ची अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए दोनों अन्य बच्चे भी पानी में उतर गए। इस दौरान वे भी गहराई में चले गए और तीनों पानी में डूब गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तालाब में उतरकर काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे रंगलीटांड क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।