Laborer From Palamu Goes Missing In Nepal: नेपाल में काम करने गए पलामू के एक मजदूर से पिछले कई दिनों से परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा है. हैदरनगर प्रखंड के बडंडा बरवाडीह गांव निवासी 50 वर्षीय महेंद्र विश्वकर्मा नेपाल में मजदूरी करते हैं. बाढ़ के बाद से उनके लापता होने की खबर से परिवार परेशान है.
बाढ़ के बाद टूटा संपर्क
महेंद्र नेपाल के बाणेश्वर इलाके में स्थित एक हाइड्रो पावर प्लांट में काम करते हैं. नेपाल में भीषण बाढ़ आने के बाद से परिवार की उनसे बातचीत नहीं हुई है. उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिल रहा है. कई दिनों से संपर्क नहीं होने के कारण परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. परिवार को किसी अनहोनी की आशंका भी सता रही है.
कंपनी ने कर्मचारियों के सुरक्षित होने की दी जानकारी
परिजनों के मुताबिक, जिस कंपनी में महेंद्र काम करते हैं, वहां से सभी कर्मचारियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है. इसके बावजूद महेंद्र से व्यक्तिगत तौर पर संपर्क नहीं हो पाने के कारण परिवार की चिंता कम नहीं हुई है.
महेंद्र के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिजन लगातार उनके बारे में पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. परिवार ने विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है. परिजनों की अपील है कि महेंद्र का जल्द पता लगाया जाए और उनकी सुरक्षित स्थिति की जानकारी परिवार तक पहुंचाई जाए.