Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-27

Jamshedpur News: गोलमुरी के केरला समाजम स्कूल में कक्षा 2 के छात्र से मारपीट का आरोप, पिता ने पुलिस से की शिकायत

Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल में कक्षा-2 के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता सतप्रीत सिंह ने पुलिस को आवेदन देकर स्कूल परिसर में बच्चों द्वारा उनके 8 वर्षीय बेटे के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।

पिता के अनुसार, 25 अगस्त को कक्षा में 50 रुपये को लेकर छात्र का एक सहपाठी छात्रा से विवाद हुआ था। शिक्षक के कहने पर छात्र ने 50 रुपये उसे दे दिए थे। आरोप है कि उसी दिन छुट्टी के समय करीब 1:30 बजे छात्रा का भाई, जो स्कूल की कक्षा 6 में पढ़ता है, कुछ अन्य बच्चों के साथ उस छात्र के पास पहुंचा। पिता का आरोप है कि बच्चों ने छात्र का मुंह दबाया और स्कूल परिसर में ही उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके चेहरे, पेट और पैर में चोट लगने की बात कही गई है।

मां ने शिक्षक से की शिकायत
परिजनों के मुताबिक, स्कूल से छुट्टी के बाद जब छात्र की मां उसे लेने पहुंचीं तो बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने स्कूल में मौजूद एक शिक्षक को मामले की जानकारी दी। आरोप है कि तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें 27 अगस्त को स्कूल आने के लिए कहा गया।

स्कूल प्रबंधन से CCTV फुटेज की मांग
अवकाश के बाद 27 अगस्त की सुबह छात्र के पिता स्कूल पहुंचे। उन्होंने प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल से मुलाकात कर मामले की जांच कराने की मांग की। पिता का कहना है कि उन्होंने संबंधित बच्चों और उनके अभिभावकों को बुलाकर घटना की जांच करने का आग्रह किया। उन्होंने स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराने की भी मांग की। हालांकि, उनके अनुसार स्कूल प्रबंधन ने फुटेज देने से इनकार कर दिया। बाद में कुछ अन्य अभिभावकों के हस्तक्षेप के बाद स्कूल प्रबंधन ने 31 अगस्त, सोमवार को मामले पर बातचीत के लिए समय दिया।

पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग
छात्र के पिता ने अपने आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल परिसर में बच्चे के साथ मारपीट हुई है, तो मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल यह मामला परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। घटना की वास्तविक स्थिति स्कूल की जांच, CCTV फुटेज और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !