Nepal Flash Flood: नेपाल के रसुवा में अचानक आई बाढ़ ने बड़े स्तर पर तबाही मचाई है. अब इस आपदा की जांच के लिए सैटेलाइट तस्वीरों की मदद ली जा रही है. ISRO की प्रमुख शाखा राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र NRSC ने शुरुआती वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है. इसके लिए भारतीय और दूसरे देशों के सैटेलाइट से मिली तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
बाढ़ से पहले और बाद की तस्वीरें देखी जा रहीं
वैज्ञानिक बाढ़ से पहले और बाद की तस्वीरों की तुलना कर रहे हैं. इससे पता लगाया जा रहा है कि पानी किस दिशा में बढ़ा. नदी का रास्ता कितना बदला. मलबा कहां तक पहुंचा. भूस्खलन का असर किन इलाकों में हुआ. वैज्ञानिक यह भी समझने की कोशिश कर रहे हैं कि पानी का स्तर इतनी तेजी से क्यों बढ़ा.
राहत और बचाव में भी मिलेगी मदद
रसुवा का इलाका पहाड़ों के बीच है. ऐसे इलाकों में जमीन के रास्ते जल्दी पहुंचना मुश्किल होता है. सैटेलाइट से प्रभावित इलाकों की सही तस्वीर मिल सकती है. इससे राहत और बचाव टीमों को जरूरी जगहों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. प्रभावित क्षेत्र और वहां जाने वाले रास्तों की जानकारी भी मिल सकेगी.
बाढ़ की असली वजह पर जांच जारी
हिमालयी इलाकों में मौसम और प्राकृतिक हालात तेजी से बदलते हैं. सैटेलाइट तस्वीरों से बाढ़ के फैलाव की अहम जानकारी मिली है. हालांकि बाढ़ की असली वजह अभी तय नहीं हुई है. इसका अंतिम निष्कर्ष विस्तृत वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.