Ranchi: रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी दीपू को लोहरदगा से पकड़ा है.
जमीन खरीदने के नाम पर किया था संपर्क
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से उनकी पैतृक जमीन खरीदने की बात कहकर संपर्क किया था. बाद में डॉक्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई. रकम नहीं देने पर उन्हें लोहरदगा में गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई थी.
एक रात में 42 बार आया कॉल
डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि 29 जुलाई की रात उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल और मिस्ड कॉल आए. एक ही रात में उस नंबर से कुल 42 बार कॉल और मिस्ड कॉल आने की बात सामने आई. इसके बाद डॉक्टर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी.
कॉल डिटेल रिकॉर्ड से आरोपी तक पहुंची पुलिस
डॉक्टर की शिकायत पर अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली. मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस लोहरदगा पहुंची. वहां छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी दीपू को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.