Jharkhand Heavy Rain: झारखंड में आज यानी 27 अगस्त से बारिश का दौर फिर तेज होने वाला है. मौसम विभाग ने 27 अगस्त से 1 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने 27 से 30 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है. हजारीबाग और कोडरमा में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है.
कल भी कई जिलों में बारिश
28 अगस्त को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भारी बारिश की संभावना है. इन इलाकों में वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा. तेज हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
29 और 30 अगस्त को भी रहेगा असर
29 और 30 अगस्त को भी झारखंड के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा. दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में भारी बारिश हो सकती है. धनबाद के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी भारी बारिश का अनुमान है. इन दिनों गरज, वज्रपात और तेज हवा को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.
31 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार
27 अगस्त को जारी मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 31 अगस्त को भी भारी बारिश, गरज और वज्रपात को लेकर चेतावनी है. हालांकि कुछ इलाकों में बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है.
1 सितंबर को मौसम विभाग ने राज्य के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं दी है. कई जगहों पर मेघ गर्जन होने की भी संभावना है.
रांची में तापमान में आएगी गिरावट
बारिश के असर से रांची के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. 27 अगस्त को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है. 28 अगस्त को अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक रह सकता है. 29 और 30 अगस्त को अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. इन दोनों दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री रहने का अनुमान है.
झारखंड में सामान्य से 10 फीसदी कम हुई बारिश
इस मानसून सीजन में झारखंड में अब तक 679.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 759.1 मिलीमीटर है. इस हिसाब से राज्य में अब तक सामान्य से करीब 10 फीसदी कम बारिश हुई है.
पश्चिमी सिंहभूम में अब तक 1099 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है. यह सामान्य से 44 फीसदी अधिक है. सिमडेगा में 1052.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 7 फीसदी ज्यादा है.
इन जिलों में बारिश की सबसे ज्यादा कमी
पाकुड़ में बारिश सामान्य से 53 फीसदी कम दर्ज की गई है. देवघर में 48 फीसदी और कोडरमा में 45 फीसदी की कमी रही है. चतरा में भी सामान्य से 44 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है.
मौसम विभाग ने बिजली गिरने के दौरान लोगों से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है.पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की सलाह दी गई है. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित जगह पर रहना सबसे बेहतर है.