Ranchi: साप्ताहिक बाजारों में बाइक खड़ी कर खरीदारी करने वाले लोगों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह का धुर्वा पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की पूछताछ के बाद अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई. इस दौरान चोरी की 8 बाइक समेत कुल 10 वाहन बरामद किए गए हैं.
वाहन जांच के दौरान पकड़े गए तीन युवक
मामले की शुरुआत 25 अगस्त को हुई. धुर्वा थाना की पुलिस सिठियो-धुर्वा मार्ग पर स्वर्णरेखा नदी पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान दो बाइक पर सवार तीन लोग पुलिस को देखकर अचानक भागने लगे. पुलिस ने पीछा किया और तीनों को पकड़ लिया. जब बाइक की जांच की गई तो उनमें से एक चोरी की निकली. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ में बाइक चोरी करने और चोरी के वाहनों को खरीदने-बेचने वाले गिरोह के बारे में जानकारी मिली.
अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर बाकी आरोपी पकड़े गए
मिली जानकारी के आधार पर डीएसपी हटिया के नेतृत्व में टीम बनाई गई. पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भरत बैठा, सुनील करमाली, रोहित उरांव, रोहित कुमार मुंडा, प्रदीप उरांव, संजय गंझू, सरजू मुंडा और सुमित उरांव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं.
बाजारों से बाइक चोरी कर बदल देते थे नंबर प्लेट
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह रांची और आसपास के जिलों में सक्रिय था. गिरोह के सदस्य साप्ताहिक बाजारों में खड़ी बाइक को निशाना बनाते थे. बाइक चोरी करने के बाद उसका नंबर प्लेट बदल दिया जाता था. इसके बाद चोरी की गाड़ियों को ग्रामीण इलाकों में बेच दिया जाता था.
10 वाहन पुलिस ने किए बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के वाहन बरामद किए हैं. इनमें एसपी शाइन, अपाचे, हीरो होंडा डीलक्स, होंडा साइन, सुपर स्प्लेंडर, पैशन प्रो और यामाहा R-15 समेत कुल 10 वाहन शामिल हैं. पुलिस अब बरामद वाहनों के नंबर की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इनमें से कौन-कौन से वाहन किस मामले में चोरी हुए थे. पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से रांची और आसपास के जिलों में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है.