Bokaro News: बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब 5 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को एक युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना के बाद जीआरपी और बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी.
युवक की पहचान जमुई निवासी के रूप में हुई है
मृतक की पहचान 22 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है. वह बिहार के जमुई जिले के धर्मपुर गांव का रहने वाला था. बताया गया कि संदीप फिलहाल बोकारो में रह रहा था. पुलिस के मुताबिक, शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था. शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई होगी. हालांकि, मौत किस परिस्थिति में हुई, यह अभी साफ नहीं है.
जीआरपी और बालीडीह पुलिस कर रही है जांच
बोकारो जीआरपी थाना के इंस्पेक्टर अमरेंद्र प्रसाद ने बताया कि घटनास्थल बालीडीह थाना क्षेत्र में आता है. सूचना मिलते ही जीआरपी और बालीडीह थाना की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास की जानकारी जुटाई. फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.