Jharkhand News: झारखंड की जेलों में कक्षपाल और महिला कक्षपाल के रिक्त पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया के तहत दुमका में आयोजित होने वाला वॉक-इन इंटरव्यू अब निर्धारित तिथि पर नहीं होगा। कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं निरीक्षणालय ने इंटरव्यू की तारीख में बदलाव करते हुए नई तिथि जारी कर दी है।
पहले दुमका में वॉक-इन इंटरव्यू 3 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाना था। अब इसे बदलकर 30 सितंबर 2026 कर दिया गया है। कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं निरीक्षणालय ने 25 अगस्त को इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की। महानिरीक्षक कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं सुदर्शन प्रसाद मंडल ने बताया कि दुमका केंद्रीय कारा के अधीक्षक के अनुरोध पर इंटरव्यू की तिथि में परिवर्तन किया गया है।
186 पदों पर होनी है संविदा के आधार पर नियुक्ति
यह भर्ती झारखंड के विभिन्न जेलों में कक्षपाल और महिला कक्षपाल के कुल 186 पदों के लिए की जा रही है। नियुक्ति प्रक्रिया विशेष रूप से भूतपूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के पूर्व जवानों के लिए संविदा के आधार पर आयोजित की जा रही है।
इस भर्ती के लिए विभाग की ओर से 25 जून 2026 को विज्ञापन संख्या 04/जेल/2026 जारी किया गया था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वॉक-इन इंटरव्यू की तारीख में बदलाव के अलावा भर्ती प्रक्रिया की अन्य सभी शर्तें और नियम पूर्व में जारी विज्ञापन के अनुसार ही लागू रहेंगे।