Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-25

Dumka News: दुमका में विधायक देवेंद्र कुंवर के आवास में पंखे से लटका मिला रसोइए का शव, शरीर से खून बहने पर परिजनों ने जताया हत्या का शक

Dumka News: दुमका के नोनीहाट में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के आवास पर काम करने वाले एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है. 30 वर्षीय सोनू राउत का शव सोमवार शाम कमरे में पंखे से लटका मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.


छह महीने से कर रहा था काम

सोनू राउत देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के बमतलियाडीह गांव का रहने वाला था. वह करीब छह महीने से विधायक के नोनीहाट स्थित आवास पर खाना बनाने का काम कर रहा था. सोमवार देर शाम उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.


परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनू के परिवार के लोग विधायक के आवास पहुंचे. परिजनों का कहना है कि शव पंखे से लटका था और शरीर से खून भी निकल रहा था. इसी आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है. मृतक की पत्नी शिल्पी कुमारी ने विधायक और उनके परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.


नौ लोगों पर दर्ज हुआ मामला

सोनू के चाचा सुनील राउत के बयान के आधार पर पुलिस ने विधायक देवेंद्र कुंवर, उनके दामाद समेत परिवार के नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. परिवार के मुताबिक, सोनू करीब छह दिन पहले छुट्टी से वापस काम पर लौटा था. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.


विधायक पक्ष ने क्या कहा

मामले को लेकर विधायक पक्ष से भी जानकारी ली गई है. विधायक पक्ष का कहना है कि देवेंद्र कुंवर अपने दामाद के साथ कुछ दिनों से शहर से बाहर हैं. परिवार के अन्य सदस्यों को भी युवक की मौत के कारण और उसने यह कदम कब उठाया, इसकी जानकारी नहीं होने की बात कही गई है.


बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता ने कीटनाशक खाया

सोनू की मौत की खबर मिलने के बाद उसके पिता अनिल राउत सदमे में आ गए. बताया गया कि उन्होंने घर में कीटनाशक खाकर जान देने की कोशिश की. इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में देवघर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.


फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

हंसडीहा थाना पुलिस ने युवक के कमरे और घटनास्थल को सील कर दिया है. फोरेंसिक टीम की मदद से मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !