Ranchi News: हेसाग इलाके में ठेकेदार के निजी परिसर में बड़ी मात्रा में बिजली से जुड़े सामान मिलने की सूचना के बाद बिजली विभाग हरकत में आया है। आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष संजय महली की शिकायत पर डोरंडा विद्युत डिवीजन की टीम ने ठेकेदार अनवर अंसारी के घर पर छापेमारी की। विभागीय टीम ने मौके से बिजली के तार और केबल के अलावा ट्रांसफॉर्मर समेत कई उपकरण बरामद किए जाने का दावा किया है।
छापेमारी के दौरान मिले सामान में इंसुलेटर, MCB बॉक्स, रेल पोल सहित बिजली विभाग में इस्तेमाल होने वाले कई अन्य उपकरण भी शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल विभाग की टीम बरामद सामान की गिनती कर रही है और उसकी विस्तृत सूची तैयार की जा रही है।
करोड़ों रुपये के सामान होने की आशंका
विभागीय सूत्रों के मुताबिक बरामद बिजली उपकरणों की कीमत काफी अधिक हो सकती है और यह राशि करोड़ों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक बरामद सामान की कुल कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सामान सरकारी संपत्ति है या नहीं, इसकी पुष्टि विभागीय रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर से मिलान के बाद ही हो पाएगी।
सरकारी सामान निजी परिसर तक कैसे पहुंचा, जांच जारी
बिजली विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान विभाग के किस स्टोर, योजना या कार्यस्थल से संबंधित है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अगर सामान सरकारी संपत्ति निकला तो वह ठेकेदार के घर तक कैसे पहुंचा। मौके पर विभाग के अधिकारी बरामद उपकरणों का सत्यापन कर रहे हैं। जांच के दौरान सामान की संख्या, उसकी स्थिति और रिकॉर्ड में दर्ज विवरण का मिलान किया जा रहा है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हो रही जांच
कार्रवाई के दौरान कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता सौरव कुमार, कनीय अभियंता समेत डोरंडा विद्युत डिवीजन के अन्य कर्मचारी मौजूद बताए गए हैं।
फिलहाल मामले में जांच जारी है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सामान सरकारी है या नहीं। यदि सामान सरकारी संपत्ति पाया जाता है, तो उसके निजी परिसर में रखे जाने के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।