Giridih News: गिरिडीह के तिसरी प्रखंड के बढ़नियाटांड गांव में सोमवार को सड़क की कमी का असर एक बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के दौरान दिखा. गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण महिला को खाट पर लिटाकर करीब एक किलोमीटर तक पैदल ले गए.
एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची
जानकारी के अनुसार, संझला हांसदा की पत्नी संझली मरांडी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. परिजनों ने एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की, लेकिन पक्की सड़क नहीं होने के कारण वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका. इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लिटाया और कंधे पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले गए. वहां से वाहन के जरिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
सड़क और पुल की लंबे समय से मांग
ग्रामीणों के अनुसार, बढ़नियाटांड को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए लंबे समय से पक्की सड़क और नरैना नदी पर पुल बनाने की मांग की जा रही है. बरसात में परेशानी और बढ़ जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि इसका असर इलाज के साथ बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के आवागमन पर भी पड़ता है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क और पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके.