India China Relations: भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर उच्चस्तरीय बातचीत होने जा रही है. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल 24 अगस्त को चीन के बीजिंग पहुंचेंगे. डोभाल 25 अगस्त को चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ विशेष प्रतिनिधि स्तर की 25वें दौर की वार्ता में शामिल होंगे. इस बैठक में दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
LAC पर तनाव कम करने पर जोर
सूत्रों के मुताबिक, बातचीत में 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर तनाव कम करने और सीमा विवाद का स्थायी समाधान तलाशने पर जोर रहेगा. भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को व्यापक स्तर पर सुलझाने के लिए वर्ष 2003 में विशेष प्रतिनिधि स्तर की बातचीत शुरू हुई थी. हालांकि, अब तक इस विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है. इसके बावजूद दोनों देश इस बातचीत को सीमा पर तनाव कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम मानते हैं.
शी जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा से पहले बैठक
डोभाल और वांग यी की बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा से पहले हो रही है. शी जिनपिंग के 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, उनकी भारत यात्रा को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.