Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक पर रविवार को एक और सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार की टक्कर से बस स्टैंड में बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, कार गोविंदपुर की ओर से आ रही थी. अन्ना चौक के पास बस स्टैंड पर दो युवक स्कूटी के साथ बैठे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में सन्नी और गुल्लू नाम के दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को पीएमएच रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि सन्नी के बाएं पैर में गंभीर चोट आई है. वहीं, गुल्लू के पैर में सरिया घुस गया है. दोनों की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है.
अन्ना चौक पर पहले भी हो चुका है दर्दनाक हादसा
अन्ना चौक पर कुछ दिन पहले भी बड़ा सड़क हादसा हुआ था. 8 अगस्त को तेज रफ्तार स्कूल बस ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी थी. हादसे में 7 वर्षीय बच्ची आरोही कुमारी की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे.
उस हादसे में घायल रेहान और रोशन वर्मा को भी पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया था. बाद में दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अन्ना चौक पर सड़क जाम कर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल उठाए थे.
अन्ना चौक पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है. लोगों की मांग है कि इस इलाके में वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण के साथ सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं.