Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-23

Dhanbad News: धनबाद के झरिया में BCCL की ब्लास्टिंग से जमीन धंसी, 7 मकानों में आई दरारें, दहशत में घर छोड़ने को मजबूर हुए लोग

Dhanbad News: धनबाद के झरिया के भगतडीह इलाके में शनिवार को अचानक जमीन धंसने से लोगों में दहशत फैल गई. पुराने आरएसपी कॉलेज के पीछे कामिनी कल्याण क्षेत्र में जमीन खिसकने से कई मकानों में बड़ी दरारें आ गईं. सुरक्षा को देखते हुए कुछ परिवार अपने जरूरी सामान लेकर सुरक्षित जगह चले गए हैं. घटना के बाद इलाके में लोगों की चिंता बढ़ गई है.


सात मकान प्रभावित

स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास हो रही हैवी ब्लास्टिंग के बाद तेज आवाज और कंपन महसूस हुआ. इसके बाद जमीन में हलचल शुरू हुई और एक हिस्सा धंस गया. इस घटना से करीब सात मकान प्रभावित होने की जानकारी है. नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और ब्लास्टिंग रोकने की मांग की.


मेयर ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने पर बस्ताकोला एरिया के जीएम एसके गायकवाड़ और धनबाद के मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे. दोनों ने प्रभावित इलाके का जायजा लिया. मेयर ने कहा कि खतरे वाले मकानों में किसी परिवार को रहने नहीं दिया जाएगा. गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों को BCCL के सुरक्षित क्वार्टरों में शिफ्ट किया जा रहा है.


BCCL को कार्रवाई की चेतावनी

मेयर ने हैवी ब्लास्टिंग को लेकर BCCL प्रबंधन को चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो राजापुर प्रोजेक्ट को बंद कराने की मांग की जा सकती है. उन्होंने पाइपलाइन समेत क्षतिग्रस्त सुविधाओं की मरम्मत और पूरे इलाके का सर्वे कराने की बात कही.

BCCL के जीएम ने बताया कि प्रभावित परिवारों को नियम के अनुसार सुविधाएं दी जाएंगी. गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लोगों को सुरक्षित क्वार्टरों में भेजा जा रहा है. प्रशासन और BCCL की टीम इलाके की निगरानी कर रही है. सर्वे के बाद मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !