Dhanbad News: धनबाद जिले के मध्य विद्यालय बरमसिया की प्रभारी प्रधानाध्यापिका मुनमुन भट्टाचार्या का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए हुआ है. शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को दिल्ली में राष्ट्रपति उन्हें सम्मानित करेंगी.
सीमित संसाधनों में किया बेहतर काम
मुनमुन भट्टाचार्या वर्ष 2019 से बरमसिया मध्य विद्यालय में कार्यरत हैं. उन्होंने कम संसाधनों के बावजूद पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने के लिए कई नए तरीके अपनाए. उन्होंने टीएलएम, कंप्यूटर आधारित पढ़ाई और स्कूल की लाइब्रेरी के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया. इससे बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ाने की कोशिश की गई.
स्कूल में किए कई बदलाव
मुनमुन ने स्कूल में बाल संसद को सक्रिय किया. साथ ही पोषक क्षेत्र के बच्चों का स्कूल में नामांकन बढ़ाने पर भी काम किया. पर्यावरण के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूल परिसर में पोषण वाटिका तैयार कराई गई. जल संरक्षण को लेकर भी बच्चों को जागरूक किया गया. इसके अलावा अलग-अलग गतिविधियों के जरिए बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया.
मिलेगा सिल्वर मेडल और 50 हजार रुपये
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के तहत चयनित शिक्षकों को 50 हजार रुपये, सिल्वर मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है. पुरस्कार के लिए चयन की खबर मिलने के बाद बरमसिया मध्य विद्यालय में खुशी का माहौल है. स्कूल के शिक्षक, छात्र और अभिभावक मुनमुन भट्टाचार्या को बधाई दे रहे हैं. मुनमुन ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे स्कूल परिवार का है. उन्होंने शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार जताया.