Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर अंतर्गत एनआईटी रोड स्थित चुना भट्टा मुख्य मार्ग पर सरकारी जमीन को लेकर विवाद सामने आया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से वर्षों से जमा चूने के अवशेष हटाए जा रहे हैं. आरोप है कि सफाई के नाम पर जमीन को समतल कर आगे अवैध प्लाटिंग और खरीद-बिक्री की तैयारी की जा रही है.
तीन ट्रैक्टर और जेसीबी से चल रहा काम
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य मार्ग के किनारे स्थित जमीन पर एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर लगाए गए हैं. इन वाहनों की मदद से लगातार जमीन की सफाई और समतलीकरण का काम किया जा रहा है. मौके पर काम कर रहे लोगों से पूछताछ करने पर वे इस संबंध में जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है.
शिकायत के बाद भी जांच नहीं होने का आरोप
मामले को लेकर गम्हरिया अंचल अधिकारी से मौखिक शिकायत किए जाने की बात कही गई है. हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक मौके पर जांच के लिए कोई अधिकारी या राजस्व कर्मचारी नहीं पहुंचा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जमीन की स्थिति की जांच कराने और सरकारी भूमि पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे को रोकने की मांग की है.
पहले वेंडिंग जोन बनाने की थी योजना
बताया गया कि इसी जमीन पर पहले नगर निगम की ओर से फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था. हालांकि, नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह योजना फिलहाल लंबित है. स्थानीय लोगों का कहना है कि योजना आगे नहीं बढ़ने के बाद अब जमीन पर कब्जे की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं.
सरकारी जमीन की जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जमीन की मापी और दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जमीन सरकारी है तो वहां किसी भी तरह की प्लाटिंग या खरीद-बिक्री की गतिविधि को शुरू होने से पहले ही रोका जाना चाहिए. फिलहाल जमीन पर चल रहे काम को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं. अब देखना होगा कि शिकायत के बाद अंचल प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है.