Ramgarh News: जिले की औद्योगिक इकाइयों में लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं और श्रमिकों की मौत के मामलों को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चिंता जताई है। पार्टी ने जिला प्रशासन से औद्योगिक हादसों की उच्चस्तरीय जांच कराने और संबंधित संस्थानों में सुरक्षा नियमों के पालन की स्थिति की समीक्षा करने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव शांतनु मिश्रा ने इस संबंध में रामगढ़ के उपायुक्त को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ कोयला, इस्पात, स्पंज आयरन, सीमेंट और पावर प्लांट जैसी कई बड़ी औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र है। ऐसे में यहां काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
मां छिन्नमस्तिका स्पंज एंड सीमेंट हादसे का भी किया जिक्र
कांग्रेस ने हाल में मां छिन्नमस्तिका स्पंज एंड सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि हादसे में तीन अभियंताओं की मौत हुई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ। पार्टी ने ऐसे मामलों की विस्तृत जांच की जरूरत बताई है।
कांग्रेस ने प्रशासन से पिछले कुछ वर्षों में जिले की औद्योगिक इकाइयों में हुई प्रमुख दुर्घटनाओं और उनमें हुई मौतों का पूरा विवरण तैयार कराने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक हादसे की स्वतंत्र जांच कर यह पता लगाने को कहा है कि दुर्घटना तकनीकी या प्राकृतिक कारणों से हुई अथवा सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और मानवीय लापरवाही की वजह से।
सुरक्षा उपकरणों और सेफ्टी प्रोटोकॉल की जांच की मांग
प्रदेश कांग्रेस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों को उपलब्ध कराए जा रहे हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा जूते, दस्ताने, मास्क, फायर सेफ्टी उपकरण समेत अन्य सुरक्षा संसाधनों की जांच कराने की मांग की है।
इसके अलावा नियमित सुरक्षा निरीक्षण और सेफ्टी ऑडिट कराने, श्रमिकों को सुरक्षा नियमों तथा आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण देने और हादसों में मृत व घायल श्रमिकों को नियमानुसार मुआवजा एवं बीमा लाभ दिलाने की मांग भी की गई है। कांग्रेस ने कहा कि जिन औद्योगिक इकाइयों में प्रबंधन, अधिकारियों या ठेकेदारों की लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण हादसे हुए हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी ने रामगढ़ की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने और जांच के निष्कर्ष व प्रशासन की कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी की है।