Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-22

Adityapur News: आदित्यपुर में कचरे के अंबार से लोग परेशान, पार्षदों ने DC से की तत्काल सफाई की मांग

Adityapur: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों और आम लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है. कई वार्डों में नियमित कचरा उठाव नहीं होने से सड़कों और गलियों में कचरे का ढेर लगा हुआ है. शनिवार को इस समस्या को लेकर वार्ड 29 की पार्षद अर्चना सिंह के नेतृत्व में 11 से अधिक पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल सरायकेला-खरसावां समाहरणालय पहुंचा. पार्षदों ने उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की.

चुनाव के बाद से नियमित नहीं हो रहा कचरा उठाव
पार्षदों ने आरोप लगाया कि जब से वे चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं, तब से उनके वार्डों में कचरा उठाव नियमित नहीं हो रहा है. नगर निगम द्वारा कचरा उठाने के लिए नियुक्त एजेंसी पर भी पार्षदों ने मनमानी तरीके से काम करने का आरोप लगाया. पार्षदों के मुताबिक, कई इलाकों में एक सप्ताह तक कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं पहुंचती. इससे घरों और आसपास जमा कचरा लगातार बढ़ता जा रहा है.

सड़कों और गलियों में लगा कचरे का अंबार
नियमित सफाई नहीं होने के कारण कई मोहल्लों, गलियों और मुख्य सड़कों पर कचरे का ढेर दिखाई दे रहा है. लंबे समय से पड़े कचरे के सड़ने से इलाके में दुर्गंध फैल रही है. पार्षदों का कहना है कि बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है. गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया तथा डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान
पार्षदों ने बताया कि कचरा उठाव की समस्या को लेकर नगर निगम के नगर आयुक्त और अन्य अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई. मौखिक शिकायत के साथ-साथ लिखित रूप से भी अधिकारियों को जानकारी दी गई. इसके बावजूद हर बार केवल आश्वासन मिला और समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. इसी वजह से पार्षदों को उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्या रखने के लिए समाहरणालय पहुंचना पड़ा.

डीसी ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह को पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना. उपायुक्त ने पार्षदों को भरोसा दिलाया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही नगर निगम क्षेत्र में नियमित कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.

सुधार नहीं हुआ तो नगर निगम का होगा घेराव
पार्षदों ने साफ कर दिया कि अगर इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे चुप नहीं बैठेंगे. उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता के साथ मिलकर नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा. जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन भी किया जाएगा. पार्षदों ने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी.

ज्ञापन सौंपने वालों में ये पार्षद शामिल
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने वालों में वार्ड 29 की अर्चना सिंह, वार्ड 27 की रिंकी देवी, वार्ड 25 की उत्तरा प्रधान, वार्ड 26 की वेदना गोप, वार्ड 34 की रीता देवी, वार्ड 11 की मंजू देवी, वार्ड 5 की विनीता कुमारी, वार्ड 14 की सुनीता देवी, वार्ड 24 की राम मुखी देवी, वार्ड 12 के मोती बिश्नोई, वार्ड 1 के बनमली दास और वार्ड 4 के शुभम पांडेय सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !