Bihar News: बिहार के बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियारों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बमपुर गांव के पास कुछ लोगों के आपराधिक घटना की तैयारी में जुटे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और तीनों को पकड़ लिया.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को बीती रात करीब 12:20 बजे सूचना मिली थी कि बमपुर गांव के पास संजय यादव अपने कुछ साथियों के साथ हथियार लेकर मौजूद है. सूचना की जांच के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
हथियार और 30 गोलियां बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय यादव, सिंटू कुमार उर्फ रवि कुमार और अजय कुमार उर्फ चिकन के रूप में की है. पुलिस के मुताबिक, इनके पास से तीन देशी कट्टे और एक 7.65 एमएम पिस्टल बरामद हुई. इसके अलावा 7.65 एमएम की 5 और 8 एमएम की 25 जिंदा गोलियां भी मिलीं. पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और एक ग्लैमर बाइक भी जब्त की है.
दो आरोपितों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, संजय यादव के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं. वहीं, सिंटू कुमार का भी आर्म्स एक्ट से जुड़ा आपराधिक इतिहास बताया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.