Dhanbad News: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड यानी BCCL के CMD मनोज कुमार अग्रवाल और उनके मुख्य निजी सहायक के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई अदालत के निर्देश के बाद हुई है. मामला बोकारो के दुग्धा निवासी सचिन हेंब्रम की शिकायत से जुड़ा है. सचिन के पिता दशरथ मांझी BCCL की मधुबन वाशरी में ऑपरेटर के पद पर काम करते थे. वर्ष 2010 में उनके पिता की मौत हो गई थी. इसके बाद सचिन ने अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए आवेदन किया था.
सचिन का आरोप है कि नौकरी से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के लिए उन्हें कई वर्षों तक BCCL के कोयला भवन के चक्कर लगाने पड़े. उनका कहना है कि इसी मामले को लेकर वह CMD कार्यालय पहुंचे थे. शिकायत के मुताबिक, 17 और 18 जून को वह CMD से मिलने गए थे. आरोप है कि इस दौरान उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया. सचिन ने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी आरोप लगाया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि CMD के मुख्य निजी सहायक ने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें कार्यालय से बाहर जाने को कहा. सचिन का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय जनजाति आयोग से भी की. जब उन्हें वहां से राहत नहीं मिली, तो उन्होंने अदालत का रुख किया. अदालत के निर्देश के बाद सरायढेला थाना पुलिस ने मामले में नामजद FIR दर्ज की है.
अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.