Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो अंचल प्रशासन की टीम शनिवार सुबह स्वर्णरेखा नदी किनारे स्थित बैकुंठनगर पहुंची. यहां 13 घरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी थी. टीम ने प्रभावित परिवारों को कार्रवाई की जानकारी दी और जरूरी सामान हटाने के लिए समय दिया.
परिवारों ने सामान निकालना शुरू किया
प्रशासन की टीम करीब 10 बजे मौके पर पहुंची थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवारों को जल्द से जल्द घर खाली करने और जरूरी सामान सुरक्षित जगह ले जाने को कहा गया. बैकुंठनगर निवासी लालन यादव ने बताया कि उन्हें पहले ही नोटिस मिल चुका था. टीम ने मौके पर करीब आधे घंटे में सामान हटाने का निर्देश दिया. दोपहर करीब एक बजे तक प्रशासन की टीम दोबारा मौके पर नहीं पहुंची थी. इस दौरान प्रभावित परिवार अपने घरों से सामान बाहर निकालते रहे.
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बिना जमीन की नापी कराए ही कुछ घरों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया है. लोगों के मुताबिक, गुरुद्वारा से साईं आश्रम तक करीब 150 मकान हैं. इनमें से सभी को नोटिस नहीं दिया गया है. स्थानीय लोगों ने चुनिंदा घरों पर कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया.
उधर, कुंवर बस्ती के पास ग्वाला बस्ती में भालू यादव, महेंद्र यादव और रमेश यादव से जुड़ी जमीन का विवरण खाता नंबर 1249, प्लॉट नंबर 3983 और छह डिसमिल रकबा बताया गया है. शनिवार को कुंवर बस्ती में प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर पहुंची. इसके बाद प्रभावित परिवारों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घर का सामान बाहर निकालने लगे. कार्रवाई को लेकर इलाके में तनाव और असमंजस की स्थिति बनी हुई है.