Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम पुलिस अस्पताल, जमशेदपुर में अब पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को दंत चिकित्सा की सुविधा मिलने वाली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, डॉ. सोनी कुमारी को पुलिस अस्पताल में स्वेच्छा से निःशुल्क दंत चिकित्सा सेवा देने की अनुमति दी गई है।
BDS डिग्री और डेंटल काउंसिल का पंजीकरण प्रमाणपत्र जमा
डॉ. सोनी कुमारी ने पुलिस अस्पताल में नियमित रूप से बिना किसी शुल्क के दंत चिकित्सा सेवा देने के लिए आवेदन किया था। आवेदन के साथ राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से प्राप्त बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की डिग्री और झारखंड स्टेट डेंटल काउंसिल का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी जमा किया गया था।
आवेदन और संबंधित दस्तावेजों पर विचार करने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम ने उन्हें नियमित दंत चिकित्सा सेवा प्रदान करने की अनुमति दी है।
सेवा के बदले नहीं मिलेगा कोई मानदेय
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि डॉ. सोनी कुमारी की यह सेवा पूरी तरह स्वैच्छिक और निःशुल्क होगी। इसके लिए उन्हें किसी प्रकार का मानदेय, टीए या डीए नहीं दिया जाएगा।
आदेश के अनुसार, डॉ. सोनी कुमारी को पुलिस अस्पताल में अविलंब अपनी सेवा शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में उपायुक्त, सिविल सर्जन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण समेत संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है। यह पहल पुलिस अस्पताल में दंत स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।