Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहे एक युवक पर चाकू से हमला कर लूट की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और लूट की रकम भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे आकाश कुमार, निवासी गाड़ाबासा, गोलगप्पा बेचकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे हाई स्कूल के पास तीन अपराधकर्मियों ने उसका ठेला रोक लिया और पैसे की मांग करने लगे।
पैसे देने से इनकार पर चाकू से किया हमला
बताया गया कि आकाश कुमार के पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसकी जेब से 1700 रुपये लेकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
वायरलेस मैदान से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने वायरलेस मैदान इलाके में छापेमारी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार और निरुद्ध किए गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिसके आधार पर पुलिस ने चाकू और लूटी गई रकम में से 1200 रुपये बरामद किए।
पकड़े गए लोगों में एक निरुद्ध बालक और राहुल पांडे उर्फ लल्लू शामिल है। राहुल पांडे उर्फ लल्लू बागबेड़ा के सीडी नगर का रहने वाला है। इस संबंध में बागबेड़ा थाना में धारा 309(6)/109(1) बीएनएस 2023 में मामला दर्ज किया गया है।
बरामद सामान में मेरून रंग के कवर में रखा एक धारदार चाकू और 700 व 500 रुपये के रूप में कुल 1200 रुपये शामिल हैं। छापेमारी अभियान में बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर, पु.अ.नि. जनार्दन सिंह, स.अ.नि. संजीत कुमार, स.अ.नि. पवन कुमार सिंह, टाइपिस्ट सच्चिदानंद सिंह, धर्मनाथ सेन और सशस्त्र रिजर्व बल के जवान शामिल थे।