Lucknow Bank Employee Murder : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से सनसनी फैल गई. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के बीच मानस बाजपेई ने पहले अपनी बैंककर्मी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मारी. इसके बाद उसने अपनी बहन तूलिका को भी निशाना बनाया और अंत में खुद को गोली मार ली.
बैंक के बाहर पत्नी पर हुई फायरिंग
घटना की शुरुआत दोपहर करीब 12 बजे मिठाईवाला चौराहे के पास हुई. दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक में काम करती थीं. बताया जा रहा है कि उनके पति मानस बाजपेई से काफी समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, मानस पत्नी से मिलने बैंक के पास पहुंचा था. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया. आरोप है कि मानस ने पिस्टल निकालकर दिव्या पर गोली चला दी. सीने में गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद बहन को भी बनाया निशाना
बैंक के बाहर गोली चलने से आसपास अफरा तफरी मच गई. घटना के तुरंत बाद मानस वहां से निकल गया और करीब एक किलोमीटर दूर हुसेड़िया चौराहे की ओर पहुंचा. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वहां उसने अपनी बहन तूलिका को भी गोली मार दी. बताया जा रहा है कि तूलिका लंबे समय से डिप्रेशन से परेशान थीं और उनका इलाज चल रहा था.
बहन की हत्या के बाद खुद को भी मारी गोली
बहन पर गोली चलाने के बाद मानस ने उसी पिस्टल से खुद को भी गोली मार ली. घटना में तीनों की मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की जानकारी सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, इस पूरी घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है. पुलिस परिजनों और आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है.
दोनों घटनास्थलों पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों घटनास्थलों को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी. फोरेंसिक टीम ने मौके से पिस्टल, कारतूस के खोखे और अन्य जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि मानस के पास मौजूद पिस्टल कहां से आई और उसके पास हथियार रखने का स्रोत क्या था.
सीसीटीवी फुटेज से घटनाक्रम जोड़ने की कोशिश
जांच टीम दोनों घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है. इससे बैंक के बाहर हुई फायरिंग से लेकर हुसेड़िया चौराहे तक पहुंचने के घटनाक्रम को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है.
पुलिस पति पत्नी के बीच चल रहे विवाद की वजह और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है. परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ सभी पहलुओं से जांच जारी है. अभी तक सामने आई जानकारी प्राथमिक जांच पर आधारित है.