Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती से छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है. बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई यह पूरी घटना यासिका ड्रीम हाइट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. युवती की मां की शिकायत पर पुलिस जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, युवती अपनी मां के टिफिन सर्विस के काम में मदद करती है. बुधवार को वह टिफिन पहुंचाने के लिए सोसायटी से बाहर निकली थी.
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक उसके पास पहुंचे. युवती के अनुसार, युवक दो से तीन बार उसके आगे-पीछे बाइक चलाते रहे और लगातार अभद्र टिप्पणियां करते रहे.
युवती ने बताया कि युवकों ने उससे कहा, "का मैडम, कैसवा उठेगा या आपको ही उठा लें?" इस तरह की फब्तियां बार-बार कसी गईं, जिससे वह घबरा गई. इससे पहले कि वह किसी से मदद मांग पाती, चारों युवक बाइक लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद यासिका ड्रीम हाइट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई. फुटेज में दोनों बाइक और युवकों की हरकत रिकॉर्ड हुई है. बिल्डर की ओर से यह फुटेज परिजनों को उपलब्ध कराया गया.
इसके बाद परिजनों ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ जांच शुरू कर दी.
युवती ने यह भी बताया कि उसके परिवार का एक पड़ोसी के साथ पुराना विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में लंबित है. उसने आरोप लगाया कि इस विवाद को लेकर पहले भी अलग-अलग तरीके से धमकियां मिल चुकी हैं.
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छेड़खानी की घटना में शामिल युवकों का किसी पुराने विवाद से संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों युवकों की पहचान करने और बिना नंबर प्लेट वाली दोनों बाइकों का पता लगाने में जुटी है.