Jamshedpur: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई. सिंहभूम (कोल्हान) के प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी शामिल हुए. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन, सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार रुन्थु महतो, ERO, उप निर्वाचन पदाधिकारी, AERO समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की हुई समीक्षा
बैठक में SIR-2026 के तहत अब तक हुए कार्यों और आगे की प्रक्रिया की जानकारी ली गई. अधिकारियों ने घर-घर सत्यापन, Enumeration Form, ASDD सूची के सत्यापन और मतदाता सूची से जुड़े दावे-आपत्तियों के निष्पादन की स्थिति से आयुक्त को अवगत कराया. प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है. इसके बाद 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं. अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जानी है.
योग्य मतदाता का नाम न छूटे:- आयुक्त
प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज न हो. उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से तय समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा.
दावे और आपत्तियों का नियमानुसार करें निपटारा
आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को लेकर प्राप्त दावों और आपत्तियों का निर्धारित नियमों के अनुसार सत्यापन किया जाए. पात्र मतदाताओं को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ किसी भी गलती में तय प्रक्रिया के तहत सुधार किया जाए. बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी SIR की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई. सभी के समन्वित प्रयास से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया.
बूथों का किया भौतिक निरीक्षण
बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय, गोलमुरी और इनकैब केरला पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सत्यापन, पात्र लोगों के पंजीकरण और घर-घर संपर्क अभियान की जानकारी ली. मौके पर मतदाता सूची को शुद्ध रखने और पुनरीक्षण कार्य को तय मानकों के अनुसार पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.