CBI Arrest: निजी कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी फाइल को जल्द निपटाने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में सीबीआई ने सूचना प्रसारण मंत्रालय के वित्त सलाहकार संदीप को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया. संदीप फिलहाल सूचना प्रसारण मंत्रालय में स्वतंत्र वित्त सलाहकार के पद पर कार्यरत है. इससे पहले वह डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स के तौर पर भी काम कर रहा था.
15 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप
सीबीआई को शिकायत मिली थी कि संदीप एक निजी कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी फाइल का निपटारा करने के लिए 15 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की. प्रारंभिक जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि हुई.
15 लाख से घटकर 10 लाख रुपये में सौदा
जांच के दौरान शिकायतकर्ता और संदीप के बीच बातचीत हुई. आरोप है कि संदीप ने 15 लाख रुपये की जगह 10 लाख रुपये लेकर काम करने पर सहमति जताई. इसके बाद सीबीआई ने रिश्वत की रकम लेने के दौरान उसे पकड़ने की कार्रवाई की.
पत्नी के जरिए ले रहा था रिश्वत
सीबीआई के अनुसार, संदीप अपनी पत्नी के जरिए रिश्वत की रकम ले रहा था. इसी मामले में 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है. सीबीआई अब मामले की आगे जांच कर रही है. एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.