Ranchi Student Protest: रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन अभी जारी है. अब छात्रों ने सरकार के सामने अपनी मांग को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेस के सामने जो बातें कही हैं, उसका लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही वे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगाए गए टेंट को हटाने पर विचार करेंगे.
आंदोलन कर रहे छात्रों ने साफ कहा है कि वे केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर आंदोलन खत्म नहीं करेंगे. छात्रों का कहना है कि इससे पहले भी नेताओं की ओर से कई तरह के वादे किए गए थे. लेकिन उनके मुताबिक, उन वादों में से सभी पूरे नहीं हुए. इसी वजह से इस बार छात्र सरकार से लिखित आश्वासन मांग रहे हैं.
लिखित आश्वासन के बाद होगा अगला फैसला
छात्रों के अनुसार, सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही वे उसे स्वीकार करेंगे. इसके बाद आंदोलन को लेकर आगे का फैसला लिया जाएगा. फिलहाल छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में ही डटे हुए हैं. उनकी प्रमुख मांगों में मामले की CBI जांच भी शामिल है.
प्रशासन छात्रों को समझाने में जुटा
दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन की टीम छात्रों से बातचीत कर रही है. टीम छात्रों को समझाकर स्टेडियम खाली कराने की कोशिश कर रही है. हालांकि, छात्र अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि जब तक सरकार लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक स्टेडियम में लगा टेंट नहीं हटाया जाएगा.