Ranchi News: झारखंड सरकार द्वारा JSSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद नवनियुक्त सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों ASO के भविष्य पर संकट गहरा गया है। परीक्षा के माध्यम से नियुक्त इन कर्मियों की नौकरी पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर झारखंड सचिवालय सेवा संघ की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को हटिया स्थित पशुपालन भवन में आयोजित की जा रही है।
बैठक में कोर कमेटी के सदस्य नवनियुक्त पदाधिकारियों की सेवा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। साथ ही सरकार के समक्ष अपना पक्ष रखने और आगे की रणनीति तैयार करने पर भी विचार किया जाएगा।
संघ ने कहा- गड़बड़ी के दोषियों पर हो कार्रवाई, निर्दोषों का भविष्य न हो प्रभावित
संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि अपनी मेहनत और योग्यता के आधार पर नियुक्त होकर सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे कर्मियों का भविष्य अनिश्चितता में नहीं डाला जाना चाहिए। यदि परीक्षा प्रक्रिया में किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। संघ का कहना है कि निर्दोष कर्मचारियों की नौकरी समाप्त करना उचित नहीं होगा। बैठक में सेवा सुरक्षा को लेकर सरकार के सामने रखे जाने वाले मुद्दों और संभावित कदमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सोमवार को ASO ने प्रोजेक्ट भवन के बाहर बनाई थी मानव श्रृंखला
JSSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद नवनियुक्त सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों ने सोमवार शाम प्रोजेक्ट भवन के बाहर शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया था। वर्तमान में ये पदाधिकारी सचिवालय और विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और निष्पक्ष तरीके से चयनित अभ्यर्थियों की आजीविका की रक्षा करने की मांग की थी। अब मंगलवार की बैठक में संघ इस पूरे मामले पर आगे की रणनीति तय करेगा।