Kolkata News: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तारापीठ में सोमवार सुबह एक निजी होटल में भीषण आग लगने से छह यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना तारापीठ स्थित बिदिशिनी होटल की है, जो एक तालाब के पास स्थित बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आग होटल के ग्राउंड फ्लोर पर लगी। देखते ही देखते धुआं और आग होटल के अन्य हिस्सों तक फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
रामपुरहाट पुलिस के अनुसार, आग की चपेट में आने से होटल के कमरों में ठहरे छह यात्रियों की मौत हो गई। सभी की मौत गंभीर रूप से झुलसने के कारण हुई बताई जा रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शवों की पहचान कराने की प्रक्रिया में जुटी है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से होटल में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। कई लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
दमकल विभाग के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, होटल में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है। होटल में सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों की भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।