India-Bangladesh News: बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर नई शर्त रखी है. ढाका का कहना है कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण के मुद्दे पर प्रगति होने के बाद ही यात्रा का माहौल बनेगा. यह जानकारी बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक बयान में दी.
यात्रा पर बातचीत जारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एकेएम शाहिदुल करीम ने कहा कि दोनों देशों के अधिकारी पिछले कुछ हफ्तों से संपर्क में हैं. उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को नई दिल्ली में शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हालात बदल गए. उनके मुताबिक, उच्च स्तरीय यात्रा के लिए अनुकूल माहौल जरूरी है.
फिर उठी शेख हसीना की वापसी की मांग
बांग्लादेश ने भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग दोहराई है. सरकार ने दोनों देशों के प्रत्यर्पण समझौते का भी हवाला दिया. साथ ही उस्मान हादी हत्याकांड के आरोपियों को भी बांग्लादेश सौंपने की मांग की गई है.
भारत पहले स्पष्ट कर चुका है कि शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस सरकारी कार्यक्रम नहीं थी. विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह उनका निजी कार्यक्रम था. हसीना के प्रत्यर्पण के अनुरोध पर भी भारत ने कहा है कि मामले की जांच जारी है.
भारत 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया है. अब दोनों देशों की नजर इस बात पर है कि यात्रा को लेकर आगे क्या फैसला होता है.