Ranchi News: रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर पार्टी का पक्ष रखा. उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर विधेयक को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि वर्ष 2014-15 में झारखंड को टैक्स में करीब 60 प्रतिशत हिस्सा मिलता था. उनके मुताबिक, अब यह हिस्सा बढ़कर 87 से 89 प्रतिशत के बीच पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि देश में एक समान टैक्स व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ने की कोशिश हो रही है.
छात्र आंदोलन पर भी सरकार को घेरा
प्रेस वार्ता के दौरान प्रतुल शाहदेव ने छात्र आंदोलन को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए अलग तरह का नैरेटिव तैयार कर रही है. भाजपा नेता ने 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर आंदोलन के दौरान छात्रों पर दोबारा सख्त कार्रवाई की गई, तो भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी.
छात्रों को लेकर सरकार पर निशाना
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र अब भगत सिंह के रास्ते पर चलने की बात कर रहे हैं, तो उन्हें राजनीतिक नजर से देखा जा रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास से जयपाल सिंह स्टेडियम की दूरी करीब एक किलोमीटर है. उनका कहना था कि मुख्यमंत्री को छात्रों से बातचीत के लिए यह दूरी तय करनी चाहिए. भाजपा नेता ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों पर किसी भी तरह की ज्यादती हुई तो भाजपा इसका जोरदार विरोध करेगी.