NEET UG 2026: झारखंड में NEET UG 2026 के जरिए मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों की परेशानी बढ़ गई है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने स्टेट मेरिट लिस्ट जारी कर दी है. इसके बाद अब छात्रों को कॉलेज और कोर्स चुनने के लिए च्वाइस फिलिंग करनी है. लेकिन वेबसाइट में तकनीकी खराबी के कारण छात्र यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं. काउंसलिंग पोर्टल का सर्वर ठीक से काम नहीं कर रहा है.
3227 छात्रों की बढ़ी परेशानी
स्टेट मेरिट लिस्ट में कुल 3227 छात्र-छात्राओं को जगह मिली है. इनमें से कई अभ्यर्थी पिछले कुछ दिनों से वेबसाइट की समस्या से परेशान हैं. काउंसलिंग का लिंक और जरूरी पेज नहीं खुलने से छात्र अपनी पसंद नहीं भर पा रहे हैं. छात्रों को डर है कि समय पर समस्या ठीक नहीं हुई तो तय तारीख तक च्वाइस फिलिंग पूरी करना मुश्किल होगा.
जल्द ठीक होगा सर्वर
JCECEB के अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी टीम सर्वर की समस्या दूर करने में जुटी है. पर्षद का कहना है कि जल्द वेबसाइट दोबारा सामान्य तरीके से काम करने लगेगी. इसके बाद छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का विकल्प भर सकेंगे. झारखंड में MBBS, BDS और BHMS में दाखिले के लिए स्टेट काउंसलिंग चार चरणों में होगी.
19 अगस्त तक भर सकेंगे विकल्प
अभ्यर्थी 19 अगस्त तक मेडिकल, डेंटल और आयुष कॉलेजों के लिए अपनी पसंद भर सकेंगे. अगर च्वाइस में कोई गलती हो जाती है, तो 20 अगस्त को उसमें बदलाव किया जा सकेगा. इसके बाद 22 से 28 अगस्त के बीच सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया होगी. छात्र इस दौरान अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे. जिन छात्रों को सीट मिलेगी, उन्हें 23 से 28 अगस्त के बीच अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. दस्तावेज सत्यापन के बाद ही दाखिले की आगे की प्रक्रिया पूरी होगी.